*योजनाओं के क्रियान्वयन में राज्य स्तर पर जारी ग्रेडिंग में जिला पंचायत कटनी दूसरे पायदान पर*

Yogendra Asati
23 Jul 2024
नवाचार

*योजनाओं के क्रियान्वयन में राज्य स्तर पर जारी ग्रेडिंग में जिला पंचायत कटनी दूसरे पायदान पर*

*सीईओ श्री गेमावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना कर पीठ थपथपाई*

कटनी (22 जुलाई)- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा माह मई 2024 की जारी ग्रेडिंग में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में राज्य स्तर पर जिला पंचायत कटनी को दूसरे पायदान पर रैंक हासिल हुई है। जिला पंचायत कटनी के सीईओ श्री शिशिर गेमावत द्वारा प्रतिदिन की जा रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के फलस्वरूप राज्य स्तर पर जिला पंचायत कटनी दूसरा स्थान अर्जित कर सकी है। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पंचायत सेक्टर सीएम हेल्पलाइन में ए प्लस ग्रेड के साथ जिला पंचायत कटनी दूसरे स्थान पर रही है। जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए अधिकारियों कर्मचारियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए पीठ थपथपाई है और भविष्य में भी इसी निष्ठा और परिश्रम के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन करने को कहा है।