*श्रमिकों को रोजगार मुहैया कराना प्राथमिकता, श्रमिक नियोजन में वृद्धि हेतु रोजगार मूलक योजनाओं और कार्यों में प्रगति लाया जाना सुनिश्चित करें :- जिला पंचायत सीईओ*
*प्रगतिरत और निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराएं - श्री गेमावत ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश*
कटनी (30 नवंबर)- मनरेगा, पंद्रहवां वित्त और अन्य योजनाओं के स्वीकृत निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत अपूर्ण कार्यों को शीघ्रतापूर्वक गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों को रोजगार मुहैया कराने वाले रोजगार मूलक कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कराएं। लेबर बजट और श्रमिक नियोजन में वृद्धि लक्ष्य के अनुरूप बेहतर कार्य योजना तैयार कर अर्जित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और आवश्यक कार्यवाही होगी। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ श्री शिशिर गेमावत ने शनिवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और तकनीकी अधिकारियों को दिए।
*जनपद पंचायत और उपयंत्री वार हुई गहन समीक्षा, पूर्ण कार्यों की सीसी जारी करें*
जिला पंचायत सीईओ श्री गेमावत ने मनरेगा 15वां वित्त सहित अन्य योजनाओं के स्वीकृत निर्माणाधीन, प्रगतिरत, पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जनपद पंचायत वार, कार्य वार और उपयंत्री वार विस्तार से गहन समीक्षा कर प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जनपद पंचायतों के सीईओ और सहायक यांत्रियों से निर्माण कार्यों की निगरानी और निरीक्षण सतत रूप से करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के पश्चात और लंबित पूर्ण कार्यों की सीसी जारी करें ।
*सीईओ श्री गेमावत ने धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी और शो काज नोटिस जारी करने दिए निर्देश*
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति एवं समीक्षा बैठक में पर्याप्त जानकारी सहित उपस्थित नहीं होने और संतोष जनक उत्तर नहीं देने पर जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने जनपद पंचायत बड़वारा की उपयंत्री पूजा नागर, रीठी के उपयंत्री अमित गुप्ता,चेतन सोनी और ढीमरखेड़ा के उपयंत्री मनीष हल्दकार, खिलेश सर्वे को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
*लापरवाही एवं उदासीन ठेकेदारों के विरुद्ध करें करवाई*
समीक्षा के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को लंबी अवधि तक अपूर्ण रखने, कार्यों को पूर्ण नहीं कराने वाले लापरवाह और उदासीन ठेकेदारों को चिन्हित कर टर्मिनेशन के नोटिस जारी करें एवं अन्य विधि सम्मत कार्रवाई की जाए।
*इनकी भी हुई समीक्षा*
समीक्षा के दौरान सीईओ श्री गेमावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वाटरशेड ,एनआरएलएम, सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना, समय सीमा (टीएल) एवं न्यायालीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए योजनाओं में प्रगति लाने आवश्यक कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिए।
*इनकी रही मौजूदगी*
आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत से योजनाओं के शाखा प्रभारी सर्व श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषिराज चढ़ार, एसबीएम के जिला समन्वयक कमलेश सैनी, सहायक परियोजना अधिकारी डॉ मृगेंद्र सिंह, शबाना बेगम, सहायक यंत्री, उपयंत्री,पीसीओ,एडीईओ आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
*श्रमिकों को रोजगार मुहैया कराना प्राथमिकता, श्रमिक नियोजन में वृद्धि हेतु रोजगार मूलक योजनाओं और कार्यों में प्रगति लाया जाना सुनिश्चित करें :- जिला पंचायत सीईओ* *प्रगतिरत और निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराएं - श्री गेमावत ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश*