*गणतंत्र दिवस पर जनकल्याणकारी योजनाओं से सुसज्जित जिला पंचायत की झांकी को मिला प्रथम स्थान* *जिला पंचायत की झांकी ने जमाया रंग,सीईओ श्री गेमावत के निर्देश और निगरानी पर मिली सफलता* *जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों कर्मचारियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए बढ़ाया हौसला*

Yogendra Asati
27 Jan 2025
समारोह

*गणतंत्र दिवस पर जनकल्याणकारी योजनाओं से सुसज्जित जिला पंचायत की झांकी को मिला प्रथम स्थान*

*जिला पंचायत की झांकी ने जमाया रंग,सीईओ श्री गेमावत के निर्देश और निगरानी पर मिली सफलता*

*जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों कर्मचारियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए बढ़ाया हौसला*


कटनी (27 जनवरी)- राष्ट्र के 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर झिंझरी स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के आठ प्रमुख विभागों द्वारा राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और संस्थाओं के माध्यम से विकास की झलक दिखाती हुई झांकियां प्रदर्शित की गई। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री एवं कटनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, जिला पंचायत के सीईओ श्री शिशिर गेमावत, वन मंडल अधिकारी गौरव शर्मा, अपर कलेक्टर साधना परस्ते, संस्कृति शर्मा एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला पंचायत कटनी, आदिम जाति कल्याण, यातायात पुलिस, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं बाल विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, परियोजना अधिकारी उद्यानिकी और नगर निगम कटनी द्वारा योजनाओं तथा कार्यक्रमों से सरोकार रखती हुई झांकियों का प्रदर्शन किया गया। जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत के निर्देश और निगरानी में जनकल्याणकारी योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा योजना के अंतर्गत जल संरक्षण की गतिविधियां, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, अटल ग्राम सेवा केंद्र, कस्टम हायरिंग सेंटर आदि के माध्यम से विकास की झलकियों से सुसज्जित दर्शनीय झांकी को न केवल सराहना मिली बल्कि झांकी ने ऐसा रंग जमाया की निर्णायक मंडल ने झांकी को सर्वश्रेष्ठ झांकी के फलस्वरूप प्रथम स्थान से नवाजे जाने पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। रविवार की देर शाम गणतंत्र दिवस की संध्या को भारत पर्व कार्यक्रम के दौरान नगर निगम ऑडिटोरियम में कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, जिला पंचायत सीईओ श्री शिशिर गेमावत के नेतृत्व में प्रथम पुरस्कार के रूप में शील्ड, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि वही आदिम जाति कल्याण विभाग को दूसरा स्थान एवं यातायात पुलिस को तीसरा स्थान मिलने पर पुरस्कृत किया गया । जिला पंचायत सीईओ श्री गेमावत ने अधिकारियों कर्मचारियों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए हौसला अफजाई की। जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी एवं विवेक गुप्ता, निधि सिंह गोहल,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीएम प्रदीप मिश्रा, नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे सहित गणमान्य नागरिकों एवं अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी रही।