*ई-केवाईसी और एक बगिया मां के नाम, कार्य और योजनाओं में वांछित प्रगति लाएं - जिला पंचायत सीईओ* *सुश्री कौर ने वीसी से समीक्षा कर जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

Yogendra Asati
29 Oct 2025
समीक्षा

*ई-केवाईसी और एक बगिया मां के नाम, कार्य और योजनाओं में वांछित प्रगति लाएं - जिला पंचायत सीईओ*

*सुश्री कौर ने वीसी से समीक्षा कर जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

कटनी (29 अक्टूबर)- बेहतर समन्वय एवं प्लान बनाकर *"एक बगिया मां के नाम"* एवं *"ई-केवाईसी"* कार्य में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय सीमा में वांछित प्रगति लाया जाना सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए।
मंगलवार की शाम सुश्री कौर ने वीसी द्वारा जनपद पंचायत वार क्रमशः एक बगिया मां के नाम एवं ई- केवाईसी कार्य की प्रगति की जानकारी ली। जिला पंचायत की सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि एनआरएलएम एवं ग्राम पंचायतों के समन्वय से अपेक्षित कार्यवाही करें। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर अथवा बेहतर कार्य योजना बनाकर एक बगिया मां के नाम के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का चयन और चिन्हांकन करें। ई केवाईसी कार्य में प्रगति लाने हेतु ग्राम पंचायत वार समीक्षा करें तथा जहां अधिक काम बाकी है स्वयं एफर्ट करें। सुश्री कौर ने मनरेगा के परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार,आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक शबाना बेगम को प्रतिदिन सतत निगरानी करने और न्यूनतम प्रगति वाली जनपद पंचायतों की जानकारी देने के संबंध में निर्देशित किया। जिला पंचायत की सीईओ ने योजनाओं एवं कार्यों में लापरवाही बरतने वाली ग्राम पंचायतों के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ, एनआरएलएम और मनरेगा के खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।