*मतदाता जागरूकता के अंतर्गत होगी विविध प्रकार की गतिविधियां* *जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तैयार हुई कार्य योजना*

Yogendra Asati
19 Mar 2024
निर्वाचन

*मतदाता जागरूकता के अंतर्गत होगी विविध प्रकार की गतिविधियां*

*जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तैयार हुई कार्य योजना*

कटनी (19 मार्च)- मतदाता जागरूकता के अंतर्गत लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदाता प्रतिशत में वृद्धि हेतु जिले भर में विविध प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को जिला पंचायत के सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप श्री शिशिर गेमावत की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता हेतु सहायक नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में कार्य योजना तैयार की गई। जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने बताया कि मतदाताओं को जागरूक करने की दृष्टि से स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत पंद्रह दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली क्रिकेटर भाग लेंगे। शहर के मुख्य मार्गो से महिलाओं की दो पहिया वाहनों की पिंक रैली निकल जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि इस संबंध में उद्योगपतियों, प्राइवेट स्कूलों और कॉलेजो की बैठक आयोजित की जाएगी। मतदान की तिथियां के अनुसार कैलेंडर बनाने हेतु सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया। होली के रंग लोकतंत्र के संग की थीम पर भी बैठक में चर्चा हुई। आयोजित बैठक में सहायक नोडल अधिकारी जिला शिक्षा परियोजना समन्वयक के के डेहरिया, महिला महाविद्यालय की प्राचार्य चित्रा प्रभात, वनश्री कुर्वेती, सहायक परियोजना अधिकारी मृगेंद्र सिंह, ज्योति सिंह, माधुरी गर्ग, खनिज अधिकारी, डी ओ ट्रायबल एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही।