*प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 के संबंध में जिला पंचायत के सीईओ ने बैठक में दी जरूरी जानकारी* *श्री गेमावत ने सर्वेक्षण कार्य के संबंध में व्यापक प्रचार प्रसार एवं तय समय सीमा में आवश्यक कार्यवाही करने जनपद पंचायतों के सीईओ को दिए निर्देश*

Yogendra Asati
20 Jan 2025
समीक्षा

*प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 के संबंध में जिला पंचायत के सीईओ ने बैठक में दी जरूरी जानकारी*

*श्री गेमावत ने सर्वेक्षण कार्य के संबंध में व्यापक प्रचार प्रसार एवं तय समय सीमा में आवश्यक कार्यवाही करने जनपद पंचायतों के सीईओ को दिए निर्देश*

कटनी (20 जनवरी)-प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस की सूची अद्यतन करने एवं आवास प्लस सर्वेक्षण के माध्यम से स्थाई प्रतीक्षा सूची में पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़ने हेतु जिला पंचायत के सीईओ श्री शिशिर गेमावत ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के विकासखंड समन्वयकों को राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप विस्तार से जानकारी दी। जिला पंचायत के सीईओ ने आवास प्लस 2024 सर्वे हेतु की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में आवश्यक एवं पर्याप्त प्रचार प्रसार किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देशित करते हुए कहा कि सर्वेक्षण कार्य 31 मार्च 2025 तक नियत समय सीमा में आवश्यक रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि समस्त ग्राम पंचायत के शासकीय भवनों में सर्वेयर का नाम मोबाइल नंबर आदि का लेख किया जाए। जहां आवश्यक हो वहां बैनर होर्डिंग आदि भी लगाई जाए। सर्वेक्षण कार्य हेतु ग्राम पंचायत के समस्त पात्र परिवारों के नाम सर्वे में जोड़े जाने हेतु कलस्टर स्तर पर नोडल अधिकारियों को नियुक्त किया जाए। उन्होंने बताया कि आवास प्लस 2024 का सर्वे नामांकित सर्वेयर द्वारा एवं हितग्राही द्वारा स्वयं के मोबाइल से किया जा सकेगा। प्रशिक्षण सत्र के दौरान आवास प्लस 2024 के सर्वे की सूची अपडेट करने हेतु 10 बिंदुओं की बहिरवेशन प्रक्रिया की जानकारी से अवगत कराया गया।
जिला पंचायत सीईओ ने जानकारी देते हुए आगे बताया कि पात्र परिवारों का सर्वे ग्राम पंचायत में नामांकित सर्वेयर द्वारा किया जाना अनिवार्य है। सर्वेक्षित परिवारों का अनुमोदन ग्राम सभा में भी अनिवार्य रूप से लिया जाए। ग्राम सभा के प्रस्ताव में परिवार के मुखिया का नाम दर्ज होगा तथा यह स्पष्ट किया जाएगा की लाभार्थी का परीक्षण 10 बिंदुओं (बहिरवेशन प्रक्रिया) पर किया गया। हितग्राही द्वारा स्वयं के मोबाइल से अपने आधार नंबर को दर्ज करते हुए फेस अथेंडीकेशन के माध्यम से अपना नाम जोड़ा जा सकेगा। यह सूची अलग से प्रदर्शित होगी। जिस पर भारत सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार अग्रिम कार्रवाई होगी। जिला पंचायत के सीईओ ने जनपद पंचायतों के सीईओ को सर्वेक्षण कार्य के संबंध में नियुक्त नोडल अधिकारीयो को आवश्यक प्रशिक्षण देते हुए सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ कराए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के योजना प्रभारी एवं सहायक परियोजना अधिकारी डॉ मृगेंद्र सिंह, जनपद पंचायत बड़वारा, रीठी और बहोरीबंद के सीईओ सहित सभी जनपद पंचायतों के पीएमएवायजी के बीसी मौजूद रहे।