*"जल गंगा संवर्धन अभियान" 2026 के अंतर्गत निर्मित किए गए कार्य राजस्व अभिलेखों में होंगे दर्ज* *जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए निर्देश*

Yogendra Asati
31 Mar 2026
अन्‍य

*"जल गंगा संवर्धन अभियान" 2026 के अंतर्गत निर्मित किए गए कार्य राजस्व अभिलेखों में होंगे दर्ज*

*जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए निर्देश*

कटनी (31 मार्च)- जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित किए गए अमृत सरोवरों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य समस्त विभागों द्वारा निर्मित किए गए तालाबों चेक डैम तथा स्टॉप डेम के साथ साथ अन्य जल संरचनाओं तथा जल संसाधन विभाग की नहरों को भी राजस्व अभिलेखों में प्रविष्टि किए जाने के निर्देश जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए हैं। जिला पंचायत की सीईओ कौर ने जल संरचनाओं के अतिक्रमण को चिन्हित करने एवं संबंधित विभाग का सहयोग करते हुए अतिक्रमण हटाने एवं कार्यों को चिन्हांकित करने कहा है। उन्होंने कहा है कि विगत वर्षों के जल गंगा संरक्षण अभियान अंतर्गत कराए गए अपूर्ण और प्रगतिरत कार्यों को नियत समयावधि में पूर्ण कराएं तथा पूर्ण हो चुके कार्यों को राजस्व अभिलेखों में दुरुस्त कराएं। जिला पंचायत सीईओ ने प्रति सप्ताह शुक्रवार को प्रगति की बिंदुवार जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर अवगत कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत 19 मार्च से 30 जून 2026 तक जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों और विविध प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।