*जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही और लापरवाही बर्दाश्त नहीं-श्री कोरी*
कटनी (4 जून)- जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र हितग्राही की पहचान कर उन्हें तत्परता पूर्वक लाभान्वित कराए जाने की कार्रवाई किया जाना सुनिश्चित करें। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एवं अन्य योजनाओं के अपूर्ण कार्यों को यथाशीघ्र गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराएं। निर्देशों की अवहेलना करने वाले लोक सेवकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस आशय के निर्देश जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी ने ग्राम पंचायतों के सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों को दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित उपयंत्री एवं अन्य अधिकारी प्रगतिरत निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करते हुए लंबित अपूर्ण कार्यों को पूर्ण कराएं। जनपद पंचायत सीईओ श्री कोरी द्वारा ई-केवाईसी मनरेगा,समग्र,आवास पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास पूर्णता, मनरेगा अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कराए गए कार्यों, स्वच्छ भारत मिशन अभियान के अंतर्गत नवीन प्रणाली से भुगतान, निर्माण कार्यों, करारोपण, 6वा वित्त के अंतर्गत पंचायत दर्पण पोर्टल पर फीडिंग कार्य, संबल योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्य एवं अनुग्रह सहायता के प्रकरणों में निराकरण की स्थिति और सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत लंबित शिकायतों की ग्राम पंचायतवार समीक्षा हुई। उन्होंने तत्परता पूर्वक योजनाओ में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं।
*ये रहे उपस्थित*
समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायतों के सचिव,ग्राम रोजगार सहायक,सहायक यंत्री , उपयंत्री, खंड पंचायत अधिकारी, पंचायत समन्वय अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी एवं योजना शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
*जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही और लापरवाही बर्दाश्त नहीं-श्री कोरी*